
उदित वाणी, पटमदा : थाना क्षेत्र के बेलटांड़ स्थित दुर्गा पूजा मैदान से गुरुवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने एक नाबालिग लड़के का शव बरामद किया. शव की पहचान पटमदा के ही बामनी टोला घोषडीह निवासी के रूप में की गई है. पुलिस ने शव को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया.
सूत्रों के अनुसार, करीब 14 वर्षीय यह आदिवासी लड़का लावारिस स्थिति में बेलटांड़ बाजार के आसपास घूमता था और नशे का आदी हो चुका था. उसके साथियों ने बताया कि बुधवार शाम उसने बेलटांड़ की एक दुकान से प्रतिबंधित तीन डेंड्राइट खरीदी थी, जिसका उसने नशे के लिए सेवन किया. इसके बाद वह भूखे पेट ही दुर्गा मंदिर के पास सो गया, जहां अगली सुबह उसका शव मिला.
सुबह करीब सात बजे दुर्गा पूजा पंडाल के एक टेंट हाउस कर्मचारी की नजर शव पर पड़ी तो उसने पास मौजूद टेंपो चालकों को सूचना दी. खबर फैलते ही झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, ग्राम प्रधान बृंदावन दास समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. मामले की गहन जांच की जा रही है.
ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि मृतक घोषडीह गांव का निवासी था और प्रायः अपने मामा के घर जाल्ला में रहता था. उन्होंने कहा कि लड़का शराब और डेंड्राइट का आदी हो गया था और अक्सर कुछ खानाबदोश बच्चों के साथ मंडराता था. दास ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बाजार में प्रतिबंधित डेंड्राइट बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए ताकि अन्य बच्चे इस लत का शिकार न हों. उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यदि प्रशासन सचेत नहीं हुआ तो भविष्य में ऐसी और भी घटनाएं घट सकती हैं.

