
उदित वाणी, पटमदा : चाकुलिया में हुई वारदातों की तर्ज पर अब कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन बाजार में भी दिनदहाड़े चोरी की घटना से लोग सकते में हैं. मंगलवार शाम, बाइक सवार उचक्कों ने एक ज्वैलर के बैग से लगभग 7 लाख रुपये के गहने चुरा लिए और पलक झपकते ही फरार हो गए. पुलिस 24 घंटे से अधिक समय से लुटेरों की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस के लिए यह घटना एक बड़ी चुनौती बन गई है.
दुकान से घर लौटते वक्त हुई वारदात
कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:20 बजे श्री श्याम ज्वेलर्स के मालिक माणिक स्वर्णकार अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. उन्होंने सोने-चांदी से भरा बैग अपनी बाइक पर टांगा हुआ था. रास्ते में उन्हें कुछ सामान खरीदने का ध्यान आया, तो वे लगभग 100 फीट दूर एक किराने की दुकान ‘श्याम भंडार’ पर रुक गए. जैसे ही वह बाइक छोड़कर दुकान की ओर बढ़े, एक उचक्का अपनी बाइक से उतरा और उनकी बाइक से बैग लेकर अपने साथी के साथ फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, पुलिस की तलाश जारी
इस घटना के बाद माणिक स्वर्णकार ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी दूर निकल चुके थे. कुछ स्थानीय लोगों ने बराबाजार तक उनका पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे. उप प्रमुख प्रतिनिधि विश्वनाथ माझी ने बताया कि यह घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. कमलपुर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और फुटेज खंगाल रही है, हालांकि अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है. इस मामले में माणिक स्वर्णकार के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

