
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की. परसुडीह बाजार समिति के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो युवकों को 18 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. कार्रवाई का नेतृत्व स्वयं परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने किया.
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने अपने बयान पर ही चार अभियुक्तों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर में परसुडीह संत अंथोनी हाई स्कूल के पास बाहागढ़ निवासी रतन बास्ते उर्फ बुतरू (23), बागबेड़ा सोमाय झोपड़ी घटरापाड़ा का रौशन बारला (26), बागबेड़ा का मंझला और मानगो निवासी इरफान का नाम शामिल है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने रतन बास्ते और रौशन बारला को मौके से पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक परसुडीह बाजार समिति के पास नशे की पुड़ियों का सौदा करने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में घेराबंदी कर रतन और रौशन को दबोच लिया. तलाशी में दोनों के पास से कुल 18 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई. बरामद नशे को पुलिस ने जब्त कर लिया है और इसकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आए हैं. दोनों से पूछताछ कर अन्य अभियुक्तों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है. फरार मंझला और इरफान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित इलाकों में छापेमारी कर रही है.
इधर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परसुडीह और आसपास के इलाकों में नशा कारोबार फैलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

