
उदित वाणी, जमशेदपुर : रंगदारी मांगने के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को परसुडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान हलुदबनी तिरिल टोला निवासी बलाई हेंब्रम उर्फ बोलाई हेंब्रम उर्फ होपोन के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी.
पुलिस को हाल ही में गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में सक्रिय है. सूचना के सत्यापन के बाद परसुडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा. आरोपी पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप है, जिसे लेकर पूर्व में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस के लिए उसकी गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई थी.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ की. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने की बात कही जा रही है, जिनके आधार पर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

