
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना ने 2022 में दर्ज धोखाधड़ी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनूप कुमार उर्फ अनूप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा स्थित नीलकंठ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-21 का निवासी बताया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय वह राहरगोड़ा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप अस्थायी रूप से रह रहा था और वहीं से उसे पकड़ा गया.
यह मामला धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है. घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति बनाकर कार्रवाई कर आरोपी को धर दबोचा. इस मामले में एक अन्य अभियुक्त को पहले ही न्यायालय से जमानत मिल चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी गिरफ्त से बाहर था.
पुलिस ने अनूप कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. परसुडीह पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पुराने और लंबित मामलों के फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे वारंटियों की गिरफ्तारी से न केवल मामलों का निष्पादन तेज होगा. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि इस कार्रवाई से अपराधियों में संदेश गया है और आने वाले दिनों में अन्य फरार आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी.

