
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहल मुरूम मैदान में पुलिस ने सोमवार देर शाम छापेमारी कर तीन बदमाशों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई थाना प्रभारी इंसपेक्टर अविनाश कुमार के बयान पर की गई है. पुलिस ने मौके से दो देसी हथियार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले में कुल सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें चार अभी फरार हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रॉफिक कॉलोनी निवासी राहुल कुमार (16), आनंदनगर रोड नंबर 2 के बिट्टू शर्मा और सुंदरनगर आरपी पटेल स्कूल के पास रहने वाले मो. शहनवाज उर्फ भोंदू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, ये तीनों खासमहल क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना की तैयारी कर रहे थे. गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और तीनों को मौके से पकड़ लिया.
इस मामले में फरार आरोपियों में कैरेज बस्ती का अब्दुल रेहान, स्टार टॉकीज सिदो-कान्हों बस्ती का देव बेहरा, बर्मामाइंस भक्तिनगर निवासी शिवम शर्मा और लेदा इलाके का एक युवक शामिल है. पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर कई स्थानों पर छापेमारी भी की, लेकिन फरार आरोपी हाथ नहीं लगे.
इंसपेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके. पुलिस का मानना है कि सभी आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे. थाना प्रभारी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है.

