
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत खासमहल चार खंभा चौक पर मंगलवार की दोपहर 1:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी ने नियमों की अनदेखी करते हुए गलत दिशा से आकर युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
हेलमेट पहने होने के बावजूद नहीं बच सकी जान
मृतक युवक ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि जेसीबी के पहिए के नीचे उसका सिर आ गया. आसपास मौजूद लोगों के अनुसार, बाइक सवार युवक सही दिशा में चल रहा था, जबकि जेसीबी तेज गति से गलत लेन में चल रही थी. जेसीबी ने युवक को सीधे रौंद दिया और आगे बढ़ गई.
पुलिस ने मौके पर की त्वरित कार्रवाई
हादसे की खबर मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया. पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और उसके परिजनों से संपर्क करने में जुटी हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है.
शहर में ट्रैफिक नियमों की उड़ रही धज्जियां
यह हादसा जमशेदपुर में लगातार हो रही उन घटनाओं की श्रृंखला में जुड़ गया है, जिनमें ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है. खासकर जेसीबी और अन्य भारी मशीनरी के संचालन में अक्सर मनमानी देखने को मिलती है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश, प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गलत दिशा में चलने वाले वाहनों पर तुरंत कार्रवाई हो. भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाई जाए. जेसीबी एवं निर्माण कार्य में लगे वाहनों को ट्रैफिक नियमों के तहत चलाया जाए. संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शहर की सड़कों पर नागरिक कितने सुरक्षित हैं? प्रशासन और ट्रैफिक विभाग की लचर व्यवस्था के चलते रोज़ नए हादसे सामने आ रहे हैं.

