
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा मैदान के पास होली के दिन हुई हिंसा और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुन्ना सिंह (47) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है. शुक्रवार को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया.
जानकारी के अनुसार घटना बीते बुधवार (4 मार्च) की है. होली खेलने के दौरान बारीगोड़ा मैदान के पास मुन्ना सिंह और उसके दो बेटों का स्थानीय निवासी उदय कुमार रजक व अन्य ग्रामीणों के साथ विवाद हो गया. शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान मुन्ना सिंह ने अपने बेटों के साथ मिलकर उदय कुमार रजक के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
पीड़ित उदय कुमार रजक की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस अब उसके बेटों की भूमिका की भी जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार मुन्ना सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं.

