
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला मारपीट और छेड़खानी तक पहुंच गया. एक ही परिवार के दो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस संबंध में पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है और यह आपसी पारिवारिक विवाद का परिणाम प्रतीत होता है.
पहले पक्ष की महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गुरुवार को शंकरपुर स्थित कबीर मंदिर के पास उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की गई. महिला ने आरोप लगाया कि मिहिर गोप, मनोज नायक, दिलीप गोप, अभिमन्यु गोप व एक अज्ञात व्यक्ति घर पर आए और पहले गाली-गलौज की. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और छेड़खानी की.
वहीं, दूसरे पक्ष से शायम गोप, उसकी पत्नी सुषमा गोप, मां और भाई टिंकू गोप को आरोपी बनाया गया है. इनपर भी मारपीट, गाली-गलौज और छेड़खानी का आरोप लगाया गया है. शिकायत के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे ये सभी आरोपी चांदनी चौक स्थित पीड़िता के आवास पर पहुंचे और विवाद के दौरान हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी छोटी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ जो मारपीट तक जा पहुंचा. परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दर्ज प्राथमिकी पर कार्रवाई की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तथ्यों की जांच के बाद ही किसी की गिरफ्तारी या आगे की कार्रवाई की जाएगी.

