
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची गोलचक्कर पर रविवार की शाम वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाए जा रहे 100 से अधिक तोतों को जब्त किया. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि कोलकाता से बड़ी संख्या में पक्षियों को लाकर साकची और आसपास के इलाकों में बेचे जाने की तैयारी की जा रही थी.
वन विभाग की वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो टीम ने साकची गोलचक्कर के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. इसी दौरान एक युवक को बैग के साथ पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उसके पास से 35 तोते बरामद किए गए. पूछताछ में उसकी पहचान अभय गुप्ता के रूप में हुई. अभय की निशानदेही पर टीम ने एमडी गुड्डू और समीर अंसारी को भी गिरफ्तार किया. इनके पास से 10 कॉकटेल, 35 बड़े पैराकेट और एक हिरन सींग बरामद किया गया.
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी जीवों को कोलकाता से लाया गया था. इन्हें स्थानीय बाजारों और गली-मोहल्लों में बेचने की योजना थी. उन्होंने कहा कि वन्यजीवों का इस तरह अवैध व्यापार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जैव विविधता के लिए भी गंभीर खतरा है.
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा सके. अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो लंबे समय से इस तरह का अवैध कारोबार कर रहा है.
जब्त किए गए सभी पक्षियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनके स्वास्थ्य की जांच कराई जा रही है. वन विभाग का कहना है कि जल्द ही इन्हें उपयुक्त वातावरण में पुनः छोड़ा जाएगा. इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है और विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी.

