
उदित वाणी, पलामू : झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक शख्स ने शुक्रवार को घरेलू विवाद में अपने ससुर की चाकू से हत्या कर दी, जबकि पत्नी और साली को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हैदरनगर थाना क्षेत्र के सोबा बरेवा गांव निवासी लवकुश यादव की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व छतरपुर निवासी रीता देवी से हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के संबंधों में तनाव उत्पन्न हो गया था. पारिवारिक कलह के चलते रीता देवी कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी.
बताया जा रहा है कि आरोपी लवकुश यादव हाल ही में बाहर से काम कर लौटा था. शुक्रवार को वह ससुराल पहुंचा और पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा. पत्नी द्वारा ससुराल जाने से इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. इसी दौरान आरोपी आपा खो बैठा और उसने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया.
ससुर सुनील यादव बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया. बीच में हस्तक्षेप करने आई साली कविता कुमारी को भी आरोपी ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले में ससुर सुनील यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं गंभीर रूप से घायल महिला और उसकी बहन को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
(आईएएनएस)

