
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में मादक पदार्थ एवं नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जमशेदपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने टेल्को थाना क्षेत्र के सी-2 तालाब के पास से एक शातिर अपराधी को 7.97 ग्राम ब्राउन शुगर की 40 पुड़ियों के साथ रंगे हाथ दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेलवे कैरेज कॉलोनी निवासी धीरज पाल उर्फ लल्ले के रूप में की गई है. उसके पास से एक मोबाइल फोन एवं काले रंग की स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना गुरुवार, 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे की है. गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस से एक युवक ब्राउन शुगर की सप्लाई करने के उद्देश्य से बाइक से टेल्को सी-2 तालाब की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल को सक्रिय किया गया और कार्रवाई में सहयोग हेतु टैंगो-36 के जवानों को भी लगाया गया.
पुलिस टीम ने तार कंपनी गोलचक्कर के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की. इसके बाद सशस्त्र बलों की मदद से पीछा कर उसे घेराबंदी में लिया गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया, मोबाइल व बाइक बरामद हुई, जिसके बाद उसे थाना लाया गया.
जांच में पता चला कि गिरफ्तार धीरज पाल उर्फ लल्ले के खिलाफ बर्मामाइंस, बिरसानगर एवं टाटानगर रेल थाना क्षेत्रों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी.

