
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओलिडीह थाना अंतर्गत शमननगर नदी किनारे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से कुल 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसका कुल वजन 3.870 ग्राम बताया जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत शमननगर नदी किनारे एक व्यक्ति घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
गठित छापेमारी दल ने शाम करीब 8 बजे शमननगर नदी किनारे कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 26 पुड़िया में भरा ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर मानगो ओपी थाना लाया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान मिनी कुमार यादव (26) के रूप में हुई है. आरोपी सकराई रोड, रामनगर थाना का बताया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानगो ओपी थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

