
उदित वाणी, गुवा : नोवामुंड़ी प्रखंड अंतर्गत बड़ाजामदा बस स्टैंड पर गुरुवार शाम करीब 5 बजे बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद एवं हिंदू समाज के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में एक विशाल रैली निकाली.
रैली के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के अंतरिम प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया और “हिंदुओं पर अत्याचार बंद करो”, “बांग्लादेश सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए.
यह रैली विशेष रूप से बांग्लादेश के मयमनसिंह स्थित एक कपड़ा कारखाने में कार्यरत मजदूर दीपू चंद्र दास की निर्मम हत्या के विरोध में आयोजित की गई थी. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर लगातार हिंसा और अत्याचार हो रहे हैं तथा वहां की सरकार मूकदर्शक बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके विपरीत वहां ऐसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है. रैली बड़ाजामदा बस स्टैंड से शुरू होकर आसपास के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए पुनः बस स्टैंड पर पहुंची, जहां मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया गया.
इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद शंभू हाजरा, राहुल निषाद, कन्हैया साव, प्रफुल्ल महाकुड़, अनीश ठक्कर, आदित्य सिंह, राजा तिर्की, सोनू राम, दीपू पान सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद एवं हिंदू समाज के कार्यकर्ता उपस्थित थे. प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन माहौल पूरे समय आक्रोशपूर्ण बना रहा.

