
उदित वाणी, आदित्यपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनआईटी मेन रोड में आज प्रातः लगभग छह बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. पश्चिम बंगाल नंबर की कार (डब्लूबी_40एटी/8088) एमआईजी स्थित शिव हनुमान मंदिर से थोड़ा आगे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
बताया जा रहा है कि आगामी 29 दिसंबर को एनआईटी जमशेदपुर में महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में जुटा हुआ है. इसी दौरान यह घटित हुई. घटना के कारण वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. सूचना प्राप्त होते हीं थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में आरआईटी थाना पुलिस स्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को उठाकर थाना लाया गया.
कार में कितने लोग सवार थे और वाहन कौन चला रहा था, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में कार सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है. और दुर्घटना के बाद कार सवार वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गए. वहीं, पुलिस के द्वारा मामले की जांच शुरु कर दी गई है और वाहन के पंजीकरण के आधार पर मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

