
जमशेदपुर, जमशेदपुर : एनएच-33 पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा टल गया जब ओडिशा से रांची जा रही महालक्ष्मी नामक यात्री बस भिलाई पहाड़ी के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार गूंजने लगी.
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और सूचना पाकर पहुंची पुलिस की मदद से उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई गई है.
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सभी यात्री सुरक्षित हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संभवतः चालक की आंख लग जाने के कारण वाहन का नियंत्रण छूट गया, जिससे यह हादसा हुआ.
पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया है. मामले की जांच जारी है. यात्रियों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया, जिनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.

