
उदित वाणी, गिरिडीह : तिसरी प्रखंड के लोकाय पंचायत अंतर्गत पनियाय गांव में सोमवार रात सूरजमुनि मरांडी (नवविवाहिता) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है.
मंगलवार सुबह परिजनों ने शव की खोजबीन की, तो गले पर दाग के साथ मृत अवस्था में मिली. मृतका की सास का दावा है कि सोमवार शाम बहू ने जहर खा लिया था, जिसके बाद तिसरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. लेकिन मृतका के पिता अरुण मरांडी ने इसे आत्महत्या न बताते हुए हत्या करार दिया.
बताया जाता है, सूरजमुनि की शादी छह माह पूर्व हुई थी. सोहराय त्योहार पर मायके आईं, जहां पति अशोक मुर्मू से विवाद हुआ. समझौते के बाद सोमवार को ससुराल लौटीं और उसी रात मौत हो गई. पिता ने पुलिस से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
लोकाय थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. प्रारंभिक जांच में पति अशोक मुर्मू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गांव में तनाव का माहौल है.

