
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नीलडीह गांव में हुई चोरी की घटना का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया. इस मामले में बागबेड़ा निवासी मनोज उर्फ टिंकू तियू और धोनू हांसदा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. वहीं एक नाबालिग को लिखापढ़ी के बाद बाल सुधार गृह भेजा गया है.
मामला नीलडीह निवासी लगुन के घर से जुड़ा है, जहां कुछ दिन पहले चोरी की वारदात हुई थी. अज्ञात चोर घर से दो मोबाइल फोन और एक बाइक लेकर फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज की. इस क्रम में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और गुप्त सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया. मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें दबोच लिया.
गिरफ्तार आरोपी मनोज ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने धोनू हांसदा और एक किशोर के साथ मिलकर चोरी को अंजाम दिया था. पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी गए मोबाइल और बाइक बरामद कर लिए हैं.
सुंदरनगर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं नाबालिग को विधि सम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद बाल सुधार गृह में रखा गया है.
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त और छापेमारी अभियान को और तेज किया जाएगा.
