
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखिया डांगा में गुरुवार शाम एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 49 वर्षीय पिंटू दुलई के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम वह घर पर अकेला था. कुछ देर बाद जब परिजन उसे देखने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया, जहां पिंटू दुलई फंदे से झूलता मिला.
परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिंटू दुलई पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. वह मुखिया डांगा स्थित एक कैंटीन में कार्यरत था और उसका एक बच्चा है. हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके.
घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है. पड़ोसी और रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे हैं. पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

