
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के आरपीएफ उड़नदस्ता की टीम ने चलती ट्रेन से मोबाइल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान के रूप में हुई है. सभी आरोपी ओडिशा के बड़बिल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. आरोपियों के पास से महंगे मोबाइल फोन समेत चोरी में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए गए हैं.
आरपीएफ के अनुसार, बुधवार देर रात गश्ती के दौरान ट्रेन संख्या 12809 मुंबई–हावड़ा मेल के एसी कोच से दो संदिग्ध व्यक्तियों को उतरकर भागते हुए देखा गया. उनकी हरकतों पर संदेह होने के बाद आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान सामने आया कि चोरी की इस वारदात में कुल चार लोग शामिल थे, जो एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे.
सीसीटीवी से मिली अहम जानकारी के आधार पर आरपीएफ उड़नदस्ता ने आरोपियों की तलाश तेज की और शाम के समय टाटानगर रेलवे स्टेशन के नाइट आउट क्षेत्र के पीछे से चारों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक एप्पल मोबाइल, एक वनप्लस मोबाइल, एक वीवो मोबाइल, एक मोबाइल चार्जर के अलावा चोरी में इस्तेमाल किया जाने वाला बड़ा कटर, हेक्सा ब्लेड सहित अन्य औजार बरामद किए गए. बरामद सामानों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है.
आरपीएफ ने बताया कि सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. विशेष रूप से अल्ताफ आलम पूर्व में करीब 11 बार जेल जा चुका है. आरपीएफ ने सभी आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया है. रेल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.

