
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत पुराने कोर्ट रोड में शनिवार की शाम एक ऑटो चालक से मोबाइल छिनतई की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, संकोसाई निवासी ऑटो चालक अरुण कुमार अपने परिचित से मिलने पुराने कोर्ट रोड गया था. इसी दौरान पीछे से एक काली पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और उससे मोबाइल छीनकर फरार हो गए.
घटना के बाद अरुण ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार में भाग निकले. स्थानीय लोगों ने पीछा करने की कोशिश की परंतु वे पकड़ में नहीं आए. पीड़ित ने साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. शहर में लगातार बढ़ रही मोबाइल छिनतई की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल है. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.

