
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में अपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने की तमाम कोशिशों के बावजूद छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र के छोटा पुलिया का है, जहां शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मोबाइल छिनतई की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना में भुक्तभोगी सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला स्थित रानी मेडिकल के सामने रहने वाले हैदर अंसारी हैं।
बताया गया कि हैदर किसी काम से मानगो आए हुए थे और छोटा पुलिया से पैदल गुजर रहे थे, तभी एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना से हैरान-परेशान हैदर ने तत्काल मानगो थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के संभावित आरोपी की पहचान की। पीड़ित के बयान और इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान भाकुड़ उर्फ मामा के रूप में की है। भाकुड़ के बारे में बताया जा रहा है कि वह क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है और पूर्व में चोरी, छिनतई तथा अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वह पुलिस के लिए कोई नया नाम नहीं है।
हालांकि पुलिस अभी तक भाकुड़ को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और बहुत जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस प्रकार की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई हो।
