
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत शंकोसाई के श्यामनगर में रविवार से लापता चल रहे 24 वर्षीय प्रदीप साहू का शव गुरुवार की सुबह स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट के पास पाया गया. सुबह स्थानीय लोग जब दैनिक कार्य के लिए नदी तट पर पहुंचे, तो उन्होंने एक शव को पानी में तैरते देखा. करीब जाकर पहचान की तो शव प्रदीप साहू का निकला. इसकी तत्काल सूचना मानगो थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
शव बरामद होने की खबर मिलते ही प्रदीप के घर में कोहराम मच गया. परिजन घटनास्थल पर पहुंचते ही दहाड़ मारकर रोने लगे. परिजनों ने तत्काल घटना की जानकारी भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को दी. सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी.

परिजनों ने आरोप लगाया है कि रविवार को प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ निकला था, जो वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं. परिजनों का दावा है कि इन्हीं तीनों ने मिलकर प्रदीप की जघन्य हत्या कर शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप दिया जा सके. हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की बात कह रही है.
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है. पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरी घटना का सत्य सामने आ जाएगा.

