
उदित वाणी, कोडरमा : जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के इरगोबाद गांव से 13 दिसंबर से लापता तीन वर्षीय सैफ अली का शव मंगलवार को क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर की शाम लगभग 4 बजे शमशेर आलम का तीन वर्षीय पुत्र सैफ अली घर के पास खेलते समय अचानक गायब हो गया था. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने जयनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी, जो बच्चे की तलाश में जुटी थी. इसी बीच मंगलवार को कुछ महिलाएं गांव के पास स्थित नदी किनारे लकड़ियां बीनने गईं, जहां उन्हें एक खोपड़ी दिखाई दी. शोर मचाने पर ग्रामीण और सैफ के परिजन मौके पर पहुंचे. कपड़ों के आधार पर शव की पहचान सैफ अली के रूप में की गई.
घटना की जानकारी मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ की. सैफ के पिता शमशेर आलम ने बताया कि जिस कपड़े को उनका बेटा लापता होने के दिन पहने हुए था, वही कपड़ा घटनास्थल से मिला है. उन्होंने कहा कि यह कपड़ा हाल ही में ऑनलाइन खरीदा गया था.
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि शव बरामदगी की सूचना के बाद जांच टीम मौके पर भेजी गई है. प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने बच्चे के शरीर को नुकसान पहुंचाया हो सकता है, हालांकि पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.

