
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के कुदरी रोड स्थित महावीर मंदिर के पास रहने वाला 13 वर्षीय गुलाम हुसैन उर्फ राहुल पिछले दिन से लापता है. परिजनों के अनुसार, राहुल 14 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे घर से 20 रुपये लेकर दुकान से सामान लाने निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. एक दिन बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है.
परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, मगर जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने कदमा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल की ऊंचाई लगभग तीन फीट है. वह लापता होने के समय हरे रंग की टी-शर्ट और पैंट पहने हुए था. परिवारजन बच्चे के लापता होने से बेहद चिंतित हैं और हर संभव जगह उसकी खोज कर रहे हैं.
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को गुलाम हुसैन उर्फ राहुल के बारे में कोई जानकारी मिले तो 6201627669 या 8235520103 पर संपर्क करें. परिवार उम्मीद लगाए बैठा है कि जल्द ही उनका लाल सुरक्षित लौट आएगा.

