
उदित वाणी, जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में जिला खनन कार्यालय ने 28 जून की मध्य रात्रि को मानगो थाना क्षेत्र में छापेमारी की.
बिना अनुज्ञप्ति के पकड़ा गया वाहन
छापेमारी के दौरान एक वाहन (संख्या JH05DH-0750) को बालू के अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया. जांच में पाया गया कि वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका. इससे यह स्पष्ट हुआ कि बालू का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था.
प्राथमिकी दर्ज, आगे भी रहेगी सतर्कता
पकड़े गए वाहन को जप्त कर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि ऐसे अवैध कार्यों पर रोकथाम के लिए जिले भर में सतत निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खनिज माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.

