
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा भूत बंगला स्थित स्टोन चिप्स डस्ट मिक्सचर मशीन फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गई। इस संबंध में पलासबनी पंचायत के बेताकोचा निवासी राबड़ी प्रमाणिक ने फैक्ट्री मालिक आशीष यादव, सुपरवाइजर राजू कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
राबड़ी प्रमाणिक ने शिकायत में बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे वह रोज की तरह फैक्ट्री में काम कर रही थीं। इसी दौरान मिक्सचर मशीन में अचानक उनका हाथ फंस गया और कटकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उन्हें अन्य मजदूरों की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मजदूर ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के उचित इंतज़ाम नहीं थे। बिना सेफ्टी किट और सुरक्षा निर्देशों के काम कराया जा रहा था। इस लापरवाही के चलते हादसा हुआ। इसी आधार पर फैक्ट्री संचालक आशीष यादव, सुपरवाइजर राजू कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।
एमजीएम थाना पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फैक्ट्री परिसर, मशीनों और घटना के समय मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों में फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज़गी है। लोगों का कहना है कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के कई जगह ऐसी फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, जहां मजदूरों की जान जोखिम में रहती है।
घायल राबड़ी प्रमाणिक की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

