
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में शुक्रवार को ड्यूटी पर तैनात एक नर्स के साथ झारखंड पुलिस के एक जवान द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है. घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी जवान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, दो पुलिसकर्मी एक कैदी की मेडिकल जांच कराने के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान उनमें से एक जवान ने ड्यूटी पर मौजूद नर्स के साथ अशोभनीय व्यवहार किया और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया. जवान की इस हरकत से नर्स समेत वहां मौजूद अन्य स्वास्थ्यकर्मी हैरान रह गए.
नर्स ने तत्काल इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की. प्रबंधन ने तुरंत मामले की जानकारी ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों को दी. होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे तो आरोपी पुलिसकर्मी वहां से फरार हो गया. जवानों ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया.
अस्पताल प्रबंधन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह मामला न केवल अस्पताल की गरिमा से जुड़ा है, बल्कि महिला सुरक्षा से भी संबंधित है. प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं चिकित्सा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं. अस्पताल प्रशासन ने कहा कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी जवान की पहचान की जा रही है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित जवान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
