
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत संकोसाई रोड नंबर-1 स्थित ललिता परशुराम डेंटल क्लिनिक में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे चोरी की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई. दो अज्ञात चोर पीछे की ओर से दीवार तोड़कर क्लिनिक के अंदर घुस गए और वहां रखा टीवी व लैपटॉप चुरा लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी सामान लेकर फरार होने लगे.
इसी दौरान क्लिनिक के आसपास मौजूद लोगों की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी. लोगों ने तुरंत शोर मचाया और चोरों का पीछा किया. घबराहट में एक चोर भागने में सफल नहीं हो सका और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पकड़े गए युवक को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान उसके फरार साथी और गिरोह से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आएंगी.
क्लिनिक संचालक ने बताया कि चोरी की वजह से जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का नुकसान हुआ है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी आ सकती है. उन्होंने जल्द से जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त कम होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पेट्रोलिंग शुरू करने की मांग की है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

