
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के राजवाड़ा पैलेस (बैंक्वेट हॉल) के बाहर खड़ी एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार से चोरी की घटना सामने आई है. मामला 28 दिसंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच का है, जब कार मालिक इश्तियाक अहमद अपने परिवार संग एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
पार्टी के बाद बाहर लौटने पर इश्तियाक ने देखा कि कार का ताला टूटा हुआ है. वाहन की जांच में पता चला कि कार में लगा साउंड सिस्टम और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई और पीड़ित ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी.
घटना के बाद बैंक्वेट हॉल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें एक ऑटो रिक्शा और उस पर सवार 2 से 3 संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के अनुसार युवक कार के आसपास कुछ देर रुकते और फिर तेजी से वहां से निकलते नज़र आ रहे हैं. ये दृश्य चोरी की आशंका को पुष्ट करते हैं. पीड़ित ने फुटेज पुलिस को सौंप दिया है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
इश्तियाक अहमद ने मानगो पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि परिवार संग खुशी के पल बिताने आए थे, लेकिन बाहर निकलते ही चोरी की घटना ने उन्हें हैरान कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहरी होती जा रही है. वहीं बैंक्वेट हॉल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है.

