
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोमवार की सुबह मानगो पुलिया पर अफरातफरी मच गई जब टमाटर से लदा एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया. दुर्गा पूजा के कारण सड़कों पर भारी भीड़ होती है और स्थिति कभी भी भयावह हो सकती थी. लेकिन चालक ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को रॉन्ग साइड मोड़कर पुल निर्माण में लगे हाइड्रा मशीन से टकरा दिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हुआ और सामने से भीड़भाड़ देख चालक ने तत्काल निर्णय लिया. तेज रफ्तार में ट्रक बेकाबू हो सकता था और पुलिया पर मौजूद लोगों को भारी नुकसान पहुंचा सकता था. मगर ट्रक हाइड्रा से टकराने के बाद वहीं रुक गया. हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग गुस्से में आ गए और चालक की जमकर पिटाई कर दी. तभी ट्रैफिक पुलिसकर्मी और अधिकारी हरकत में आए और चालक को भीड़ से बचाकर सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की सतर्कता और समझदारी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. पूजा के समय सड़क पर हजारों लोग और वाहन मौजूद रहते हैं, ऐसे में ट्रक का बेकाबू होना गंभीर संकट खड़ा कर सकता था. ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है.

