
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत आज़ादनगर नंबर-2 के पास सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने एक कार से बेरहमी से बांधकर ले जाई जा रही पांच गायों को जब्त किया. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे गौ-तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 05सीसी 1300 में गायों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस सतर्क हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आधी रात को आज़ादनगर नंबर-2 के पास वाहन को रोक लिया. तलाशी के दौरान कार के अंदर पांच गायें बेहद खराब हालत में बंधी हुई पाई गईं.
पुलिस ने मौके से वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है. प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि वाहन पर लगा पंजीकरण नंबर फर्जी है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस को आशंका है कि इस घटना के पीछे एक संगठित गौ-तस्करी गिरोह सक्रिय है, जो लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहा है.
बरामद सभी गायों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल और आवश्यक उपचार किया जा रहा है. पुलिस पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी में है. हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ जारी है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

