
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना पुलिस ने पेशेवर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पकड़े गए अपराधियों में आफताब अली, जुम्मन, सैयद मोसिन उर्फ विक्की, कादिर खान और आयान उर्फ छोटी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिल भी बरामद की है.
पुलिस के अनुसार मानगो थाना कांड संख्या 240/2025 दिनांक 25 सितंबर 2025 के तहत कार्रवाई की गई. जांच में पता चला कि ये आरोपी लंबे समय से शहर के विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं. सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि गिरोह मानगो, आजादनगर, कदमा, एमजीएम, साकची और विष्णुपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय था और इनके खिलाफ कई पुराने मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी आपस में गिरोह बनाकर संगठित तरीके से बाइक चोरी करते थे और बाद में उन्हें बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे.
एसपी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी. पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें लौटाने की प्रक्रिया में जुटी है. साथ ही आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी खंगालने के लिए पूछताछ भी की जा रही है.
मानगो थाना पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर शहरवासियों ने राहत की सांस ली है. पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि बाइक चोरी जैसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.

