
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 13A स्थित मोती महल के पास गुरुवार देर शाम ऑटो चालक और कार चालक के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब ऑटो चालक ने कार चालक से साइड में गाड़ी लगाने का आग्रह किया ताकि वह ऑटो निकाल सके.
ऑटो चालक का आरोप है कि इस दौरान कार चालक ने अपशब्दों का प्रयोग किया. इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई में बदल गया. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक का समर्थन करते हुए कार चालक को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. पिटाई से कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के समय कार पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का स्टिकर लगा हुआ था, जिसे देखकर आसपास के लोग और भी आक्रोशित हो उठे.
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायल कार चालक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा. फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जवाहर नगर रोड नंबर 13A में लगातार असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं. शाम होते ही यहां अड्डेबाजी और नशाखोरी का माहौल देखने को मिलता है, जिसके कारण झगड़े और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं.
लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने की मांग की है ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो हालात और बिगड़ सकते हैं.
मानगो थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
