
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 9 में रविवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बच्चों के आपसी झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रहे एक दुकानदार पर फायरिंग कर दी गई. हालांकि गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना उस समय हुई जब साकची स्थित साना कॉम्प्लेक्स में किताब की दुकान चलाने वाले मो. सैफुल्ला रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. रास्ते में उन्होंने देखा कि दो गुटों में कुछ किशोर आपस में झगड़ रहे हैं. उन्होंने मानवीय पहल करते हुए दोनों गुटों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की.
जानकारी के मुताबिक, मो. सैफुल्ला के हस्तक्षेप से झगड़ा थोड़ी देर के लिए शांत हो गया, लेकिन कुछ ही देर में एक गुट के किशोरों ने फोन कर अपने किसी परिचित को बुला लिया. कुछ ही मिनटों में एक युवक बाइक से मौके पर पहुंचा और बिना कुछ कहे सीधे मो. सैफुल्ला पर फायरिंग कर दी. गोली चूक गई और मो. सैफुल्ला बाल-बाल बच गए.
फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. आरोपी युवक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ ने उसे घेर लिया और पकड़कर जमकर पिटाई कर दी. बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान ‘काला बाबू’ के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.
डीएसपी भोला प्रसाद ने दी जानकारी
मानगो डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि फायरिंग के बाद उसने हथियार कहां फेंका. घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कोई कारतूस का खोखा नहीं मिला है. इससे संभावना है कि आरोपी ने हथियार को किसी दूर स्थान पर फेंक दिया होगा.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी काला बाबू एक सक्रिय बकरी चोर गिरोह से जुड़ा है. इस गिरोह का संचालन ‘बल्ला’ नामक अपराधी करता है, जो पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है.
फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और घटना में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है. मानगो थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

