
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 13 सी में 28 सितंबर को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने पीड़ित युवक रोमी उर्फ बोम्बू के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. इसमें वसीम, रौनक, शाहरुफ उर्फ चूहा बच्चा और एक अज्ञात को नामजद किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि घटना के दिन मस्जिद के पास बोम्बू पर जानलेवा हमला किया गया था. जानकारी के अनुसार, हमलावर बुलेट और बाइक से पहुंचे थे. उन्हें देखकर बोम्बू जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर पेट में गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल बोम्बू को पुलिस की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक मिस फायर कारतूस बरामद किया था. जांच में यह बात सामने आई है कि घटना आपसी रंजिश के कारण अंजाम दी गई. घटना के बाद से ही इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया गया है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

