
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 7 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में मोहम्मद सैफ, चंदन और शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले जाने में मदद की.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोएब और सैफ स्कूटी से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान चंदन अचानक सड़क पार करने लगा, जिससे तेज रफ्तार स्कूटी सीधे उससे टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन उछलकर पास से गुजर रहे एक टेंपो से जा भिड़ा. वहीं स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़े.
हादसे के तुरंत बाद तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से दया अस्पताल लाया गया. वहां डॉक्टरों ने सैफ और चंदन की हालत को स्थिर बताया है. दोनों के सिर और पैरों में चोटें आई हैं, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है.
दूसरी ओर, शोएब की हालत गंभीर है. डॉक्टरों ने बताया कि उसे सिर में गहरी चोट लगी है और आंतरिक चोट की आशंका के चलते तुरंत टीएमएच रेफर कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड नंबर 7 पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं. सड़क संकरी होने और दोनों ओर अवैध पार्किंग के कारण हादसों का जोखिम बढ़ जाता है. लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और यातायात निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
उधर, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से हादसे की सही वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

