
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र में 8 दिसंबर 2023 को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले में करीब ढाई साल से फरार चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
गौरतलब है कि 8 दिसंबर 2023 की रात मानगो थाना क्षेत्र के न्यू पुरुलिया रोड नंबर-16 स्थित आकाश साहा अपार्टमेंट के पास अपराधियों ने आजादनगर ग्रीन वैली निवासी सज्जाद खान उर्फ टांडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टाइगर मोबाइल टीम के जवान आरक्षी रामदेव महतो और आरक्षी निर्मल मुंडू ने अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया, इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर भी फायरिंग कर दी. इस हमले में टाइगर मोबाइल के जवान आरक्षी रामदेव महतो शहीद हो गए थे.
इस सनसनीखेज कांड में पुलिस ने पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रियारदा निवासी लुस्कू मार्डी उर्फ रोहित मार्डी और गणेश मुर्मू लंबे समय से फरार चल रहे थे. पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा. पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से शहीद जवान के परिजनों और आम लोगों में संतोष देखा जा रहा है.

