
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड प्रवेश पथ स्थित एक राशन दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने देर रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. दुकान मालिक विकास गुप्ता के अनुसार, चोर नकदी और सामान समेत कुल लगभग 30 हजार रुपये ले गए. शुक्रवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ. दुकान का ताला टूटा मिला और अंदर प्रवेश करने पर देखा कि सभी सामान बिखरे पड़े हुए थे.
विकास गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपने महाजन को भुगतान करने के लिए 20 हजार रुपये दुकान में रखे थे, जो चोरी हो गए. इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये मूल्य के खाद्यान्न व अन्य सामग्री भी गायब है. उनके अनुसार, चोरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि दुकान में कैश काउंटर और कीमती सामग्री को ही निशाना बनाया गया. घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में फिंगरप्रिंट और आसपास के लोगों से पूछताछ की है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
घटना की जानकारी क्षेत्र के पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को भी दी गई. वे मौके पर पहुंचे और दुकानदार का हालचाल जाना. उन्होंने कहा कि डिमना रोड प्रवेश पथ पर लगातार हो रही चोरी और आपराधिक वारदातें आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही हैं. स्थानीय व्यवसायियों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस घटना की गहन जांच में जुटी है, जबकि इलाके में व्यापारियों और स्थानीय लोगों के बीच रोष व चिंता का माहौल है.

