
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के जाकिर नगर स्थित कैनरा बैंक एटीएम से धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो ग्राहकों के एटीएम कार्ड मशीन में फंसने के कुछ ही देर बाद उनके खातों से लाखों रुपये की अनधिकृत निकासी हो गई. पीड़ितों ने संबंधित बैंक को लिखित शिकायत देकर तत्काल जांच और राशि वापसी की मांग की है.
पहली घटना 12 अक्टूबर की शाम हुई, जब मोहम्मद आमिर अंसारी पैसे निकालने के लिए कैनरा बैंक एटीएम पहुंचे. उन्होंने बताया कि लेन-देन के दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया, और कुछ ही देर बाद उनके खाते से 17 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी हो गई. उन्होंने तुरंत बैंक शाखा में शिकायत दर्ज कराई.
दूसरी घटना 13 अक्टूबर की शाम लगभग 6:30 बजे घटी. आरिफ इकबाल ने बताया कि उनका कार्ड भी मशीन में फंस गया था और थोड़ी देर बाद उनके खाते से 2 लाख 17 हजार रुपये निकाल लिए गए. उन्होंने शाखा प्रबंधक को आवेदन सौंपकर मामले की गंभीर जांच और राशि की वापसी की मांग की है.
बैंक प्रबंधन ने दोनों शिकायतें मिलने की पुष्टि की है और बताया कि सीसीटीवी फुटेज व ट्रांजैक्शन डेटा की जांच की जा रही है. बैंक ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की नियमित जांच, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा गार्ड की तैनाती जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

