
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोमवार सुबह मानगो पुल पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अचानक स्वर्णरेखा नहीं में कूदने का प्रयास किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला कुछ देर तक पुल के किनारे खड़ी रही और अचानक नीचे छलांग लगाने की स्थिति में आ गई. इस बीच मौके पर मौजूद राहगीरों की सतर्कता से बड़ा हादसा होते-होते बच गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब महिला ने कूदने की कोशिश की, तभी एक युवक ने तत्काल आगे बढ़कर उसे पकड़ लिया और नीचे गिरने से रोक दिया. घटना के दौरान कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते दिखे, लेकिन युवक की त्वरित कार्रवाई ने महिला की जान बचा ली. स्थिति संभलते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी.
सूचना पाकर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ ले गई. पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद महिला के पति और परिजनों को संपर्क कर जानकारी दी. पुलिस का कहना है कि महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और आगे की प्रक्रिया के तहत उनसे बातचीत की जा रही है. फिलहाल महिला को काउंसलिंग और चिकित्सकीय जांच हेतु चिकित्सकों से भी सलाह ली जा रही है.
पुलिस के अनुसार घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन प्रथम दृष्टया मामला घरेलू तनाव या व्यक्तिगत परेशानी का हो सकता है. मामले की जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर महिला को सामाजिक और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मदद मिल जाना महिला के लिए जीवनदान साबित हुआ. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि संकट में फंसे व्यक्ति की सहायता कर हम किसी की जिंदगी बचा सकते हैं, जबकि तमाशबीन बने रहने या वीडियो बनाने से स्थिति और गंभीर हो सकती है.

