
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 से शुक्रवार की शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई. एक युवक इलाके में खुद को नकली जीएसटी ऑफिसर बताकर दुकानों पर छापेमारी जैसा माहौल बनाते घूम रहा था. वह खुद को दिल्ली से आया जीएसटी अधिकारी बताता और दावा करता कि उसे विशेष जांच के लिए भेजा गया है.
सूत्रों के अनुसार, युवक दुकानों में जाते ही कहता कि “यहां के कई दुकानदारों का GST अपडेट नहीं है, इसलिए अभी फौरन जुर्माना देना होगा, नहीं तो दुकानें सील कर दी जाएंगी.” उसके इस दावों से कई दुकानदार पहले तो घबरा गए, लेकिन जब उसने बिना किसी कागजात या नोटिस के ही रकम मांगनी शुरू की, तो लोगों को शक हुआ.
कुछ दुकानदारों ने उससे पहचान और सरकारी नियुक्ति पत्र दिखाने को कहा, जिस पर वह इधर-उधर की बातें करने लगा. उसके व्यवहार और जवाबों में विरोधाभास देख स्थानीय लोग जुट गए. आरोप है कि युवक कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद भीड़ का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया. स्थिति बिगड़ते देख कुछ लोगों ने गुस्से में उसकी पिटाई भी कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को भीड़ से मुक्त कर अपने साथ थाना ले गई. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि क्या वह अकेले इस ठगी को अंजाम दे रहा था या किसी गिरोह का हिस्सा है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसे किसी और इलाके में वसूली की कोशिश की है.
थाने के अधिकारियों ने बताया कि युवक के खिलाफ ठगी और प्रतिरूपण के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है. साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के सरकारी अधिकारी होने के दावे पर सीधे यकीन न करें, पहले पहचान सत्यापित करें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि दुकानदारों की सजगता से एक बड़ी ठगी टल गई.

