
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के वर्कर्स कॉलेज के पास स्वर्णरेखा नदी में शनिवार को एक हादसा हो गया. छठ घाट पर स्नान करने उतरे एक दिव्यांग वृद्ध तेज धारा में बह गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वृद्ध घाट पर पहुंचे और अपने जूते व वॉकर किनारे पर रखकर नदी में उतरे. नहाते ही अचानक तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में खिंच गए. आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह काफी दूर बह चुके थे.

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मानगो थाना पुलिस को दी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. घटनास्थल से वृद्ध का जूता और वॉकर बरामद किया गया है. हालांकि उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद लेने की तैयारी शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वृद्ध अक्सर घाट के आसपास दिखाई देते थे. दिव्यांग होने के कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती थी. शनिवार को वह अकेले ही घाट पर पहुंचे थे और हादसे का शिकार हो गए.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नदी में सर्च अभियान जारी है. घटना से इलाके में शोक का माहौल है.

