
उदित वाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना क्षेत्र के सालडीह गांव में रविवार की रात पुलिस ने एक किराए के मकान में छापेमारी कर 65 लीटर महुआ शराब बरामद की. इस दौरान भाड़ेदार श्याम हांसदा को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका पुत्र सूरज हांसदा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया.
शिकायत के बाद पहुंची पुलिस, मौके से पकड़ा गया एक आरोपी
स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि सालडीह बस्ती में शत्रुधन मुर्मू के मकान में किराए पर रहने वाला श्याम हांसदा और उसका पुत्र सूरज अवैध देशी महुआ शराब बनाकर न केवल बेचते हैं, बल्कि वहीं बैठाकर लोगों को शराब पिलाते भी हैं. सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो घर से तीन लोग बाहर निकलते दिखे. पुलिस को देखते ही वे भागने लगे. अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों फरार हो गए.
तलाशी में छिपा मिला आरोपी, बरामद हुई भारी मात्रा में शराब
पुलिस ने तत्परता से तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान घर के अंदर एक व्यक्ति छिपा मिला. पूछताछ में उसने अपना नाम श्याम हांसदा बताया और फरार आरोपियों में एक को अपना पुत्र सूरज हांसदा बताया. श्याम की निशानदेही पर घर से लगभग 65 लीटर महुआ शराब बरामद की गई. इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर श्याम हांसदा को गिरफ्तार कर लिया.
प्राथमिकी दर्ज, फरार बेटे की तलाश जारी
पुलिस ने श्याम हांसदा और उसके बेटे सूरज हांसदा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर सख्ती बढ़ाई जाएगी और ऐसे असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
