
उदित वाणी, धनबाद : लुबी सर्कुलर रोड (एलसी रोड) पर शुक्रवार रात बाइक रेस के दौरान भयानक हादसा हो गया. तेज रफ्तार में दौड़ लगा रहे युवकों की तीन बाइकें आपस में टकरा गईं, जिसमें आठ युवक घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायलों में हीरापुर झरनापाड़ा निवासी छोटू यादव, पप्पू यादव और सोनू यादव, पुलिस लाइन निवासी लव कुमार रवानी, राजा तिवारी व सौरभ यादव, धैया निवासी शिव शंकर साव तथा बेकारबांध रामनगर निवासी नीरज कुमार शामिल हैं.
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) ले जाया गया. एक साथ आठ घायलों के पहुंचने से इमरजेंसी में हड़कंप मच गया. डॉक्टरों ने सोनू यादव, पप्पू यादव, छोटू यादव और सौरभ यादव की हालत गंभीर बताते हुए रिम्स रांची रेफर किया, लेकिन परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल ले लिया.
जानकारी के अनुसार, सभी युवक दोस्त हैं. वे शुक्रवार रात सिटी सेंटर चौपाटी से नाश्ता कर रणधीर वर्मा चौक लौट रहे थे. चार-पांच बाइकों पर सवार होकर एलसी रोड पर रेस लगाई, तो बीएसएस कॉलेज के पास दो बाइकें अनियंत्रित होकर टकराईं. पीछे से आ रही तीसरी बाइक भी चपेट में आ गई.
सूचना पर धनबाद थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से दो क्षतिग्रस्त बाइकें-एक रेसर बाइक और जेएच-10 डीबी 8173 नंबर वाली-जब्त कर लीं.

