
उदित वाणी, जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना पुलिस ने मानगो बस स्टैंड पर छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की अवैध लॉटरी जब्त की है. यह लॉटरी पश्चिम बंगाल से धनबाद होते हुए चाईबासा भेजी जा रही थी. पुलिस ने इस कार्रवाई में दो लोगों को मौके से गिरफ्तार भी किया है.
लाखों टिकट जब्त, पांच करोड़ के गोरखधंधे का पर्दाफाश
थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने जानकारी दी कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. जांच के दौरान एक बस से दो बड़े कार्टन बरामद हुए, जिनमें लगभग एक लाख लॉटरी टिकट पाए गए. अनुमान है कि इस अवैध व्यापार से करीब पांच करोड़ रुपये का कारोबार किया जा सकता था.
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक पारस महतो है, जो बस से अवैध लॉटरी लेकर आया था. दूसरा आरोपी मुखिया तिउव है, जो लॉटरी रिसीव करने के लिए मौके पर आया था और उसे चाईबासा भेजने की तैयारी में था. दोनों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
कहां से चल रहा था यह लॉटरी सिंडिकेट?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह लॉटरी पश्चिम बंगाल से मंगाई गई थी और धनबाद के रास्ते जमशेदपुर पहुंची, जहां से इसे चाईबासा भेजने की योजना थी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

