
उदित वाणी, गुवा : गुवा थाना क्षेत्र के लिपुंगा गांव स्थित बालमुचू टोला में 24 नवंबर की रात हुए दोहरे हत्या कांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वादी चरण बालमुचू के आवेदन पर गुवा थाना में कांड संख्या 48/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें जंगम बालमुचू को आरोपी बनाया गया था. आरोपी पर वादी के माता-पिता स्व. सेरगया बालमुचू और मुक्ता बालमुचू की हत्या करने का आरोप है.
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई. गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बलों की टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया.
जांच के दौरान पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी जंगम बालमुचू (उम्र 35 वर्ष), पिता बुधराम बालमुचू, निवासी लिपुंगा (साकेझार टोला), को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और उसके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है.
छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, पुलिस पदाधिकारी ललन कुमार मंडल, गणेश शंकर गौड़, सीमल हांसदा, सतीश कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के अन्य सदस्य शामिल थे. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

