
उदित वाणी, लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के 50 हजार रुपए के इनामी नक्सली कमांडर आदेश गंझू को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान उज्जवल कुमार और सुभाष कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और उग्रवादी गतिविधियों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं.
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि आदेश गंझू अपने चार-पांच साथियों के साथ बारियातू थाना क्षेत्र के बनवार गांव स्थित पकरूआ जंगल में छिपा हुआ है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सुनियोजित ढंग से जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया. इसी दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य उग्रवादी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी आदेश गंझू लंबे समय से टीएसपीसी के लिए सक्रिय था और उसके खिलाफ लातेहार तथा चतरा जिलों में कुल 21 मामले दर्ज हैं. इनमें लेवी वसूली, फायरिंग, आगजनी और अन्य उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं. वह प्रभाकर, कौशल, उपेंद्र और विक्रम जैसे छद्म नामों का इस्तेमाल कर व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूलता था.
बताया गया कि आदेश गंझू बालूमाथ, टंडवा, सिमरिया, लावालौंग, केरेडारी, खलारी और मैक्लुस्किगंज क्षेत्रों में सक्रिय रहा है. वहीं, सुभाष कुमार के खिलाफ चतरा जिले में एक मामला दर्ज है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर संगठन के अन्य सदस्यों और उनकी योजनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
(आईएएनएस)

