
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के पोडाडीहा पंचायत अंतर्गत दानीसाई गांव में शनिवार दोपहर एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका की पहचान पूजा मिश्रा (23 वर्ष) के रूप में हुई है.
घटना के संबंध में मृतका के पति सुमित मिश्रा ने बताया कि वह और उनकी मां ड्यूटी पर गए हुए थे. इसी दौरान गांव से फोन पर सूचना मिली कि घर में कुछ अनहोनी हो गई है. सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचे, जहां देखा कि उनकी पत्नी पूजा मिश्रा गमछे के सहारे पंखे से झूल रही थी. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही कोवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूजा को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पति सुमित मिश्रा ने बताया कि उनके और पत्नी के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था, लेकिन वह अक्सर आत्महत्या की बातें किया करती थी.
इस संबंध में कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. फिलहाल पुलिस को किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पूजा की पांच वर्षीय बेटी है, जिससे घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

