
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के कोलबीरा स्थित बालाजी इंफ्राटेक कंपनी के निर्माणाधीन शेड में शुक्रवार सुबह काम कर रहे मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई. हादसे के बाद सहकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल मजदूर को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान परसुडीह के कीताडीह मानसा मंदिर के पास रहने वाले सन्नी यादव (28) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार कंपनी के निर्माण कार्य का जिम्मा बालाजी इंफ्राटेक को दिया गया है, जहां सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आई है. घटना के बाद सहकर्मियों ने ही सन्नी के परिजनों को इसकी सूचना दी. टीएमएच में मौजूद सन्नी के पिता रामचंद्र यादव और अन्य परिजनों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि उचित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ.
इधर, मृतक के परिजन उचित मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर चुके हैं. मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष निशिथ कुशवाहा और भाजपा के घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार टीएमएच पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से बातचीत की. नेताओं ने कहा कि जब तक मृतक परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. साथ ही उन्होंने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
फिलहाल पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि कंपनी प्रबंधन और परिजनों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

